B4News | राष्ट्रीय सुरक्षा ब्यूरो | नई दिल्ली
नई दिल्ली, 7 मई:
भारतीय सेना द्वारा लॉन्च किए गए “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद पड़ोसी देश पाकिस्तान में बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है। भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमलों के बाद, पाकिस्तानी सेना ने जवाबी कार्रवाई में जम्मू-कश्मीर के पुंछ, तंगधार, उरी और अन्य सीमावर्ती इलाकों में भारी गोलाबारी शुरू कर दी है।
इस अंधाधुंध गोलाबारी में अब तक चार बच्चों समेत कम से कम 15 नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 43 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुंछ जिले में मृतकों की संख्या सबसे ज्यादा है। वहीं, बारामूला जिले के उरी सेक्टर में 5 नाबालिग बच्चों सहित 10 लोग घायल हुए हैं।
गोलाबारी का आतंक, बंकरों में छिपे लोग
अधिकारियों के मुताबिक, सीमावर्ती गांवों में पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी ने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोगों को रातों-रात भूमिगत बंकरों में शरण लेनी पड़ी या सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करना पड़ा।
पुंछ के बालाकोट, मेंढर, मनकोट, कृष्णा घाटी, गुलपुर, केरनी जैसे इलाकों के अलावा पुंछ जिला मुख्यालय तक गोलाबारी की खबरें सामने आई हैं। इस हमले में दर्जनों घरों और वाहनों को नुकसान हुआ है।
मृतकों की पहचान
मृतकों में बलविंदर कौर उर्फ रूबी (33), मोहम्मद जैन खान (10), जोया खान (12), मोहम्मद अकरम (40), अमरीक सिंह (55), मोहम्मद इकबाल (45), रणजीत सिंह (48), शकीला बी (40), अमरजीत सिंह (47), मरियम खातून (7), विहान भार्गव (13), मोहम्मद रफी (40) सहित अन्य नागरिक शामिल हैं।
गोलाबारी का दायरा और नुकसान
राजौरी और कुपवाड़ा के करनाह सेक्टर में भी पाक गोलाबारी से नुकसान हुआ है। कई घरों में आग लग गई और पुंछ बस स्टैंड भी गोलाबारी की चपेट में आ गया, जिससे दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
भारतीय सेना का करारा जवाब
भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस उकसावे वाली कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया है। सेना सूत्रों के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की कई चौकियों को नष्ट कर दिया गया है और उन्हें भारी नुकसान हुआ है।
स्कूल-कॉलेज बंद, हाई अलर्ट
संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने ‘X’ (पूर्व ट्विटर) पर घोषणा की कि जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ में आज सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
ADGPI का बयान:
सेना के ADGPI ने ‘X’ पर कहा —
“पाकिस्तान ने पुंछ-राजौरी क्षेत्र में फिर से संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। भारतीय सेना संयम के साथ लेकिन प्रभावी तरीके से जवाब दे रही है।”
संघर्षविराम की फिर से उड़ाई धज्जियाँ
2021 के संघर्षविराम समझौते के नवीनीकरण के बाद LoC पर शांति बनी हुई थी, लेकिन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान द्वारा की गई ये जवाबी कार्रवाई सीधे नागरिकों को टारगेट करके की गई है, जो अंतरराष्ट्रीय नियमों और युद्ध नैतिकता का उल्लंघन है।

