बिलासपुर, 07 मई 2025 | माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा परिणाम आज घोषित किए गए। परिणामों में बिलासपुर जिले के छात्रों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।
हाई स्कूल परीक्षा में जिले का औसत परिणाम 75.60% रहा, जिसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 69.43 और बालिकाओं का 80.55 प्रतिशत रहा। राज्य स्तरीय तुलना में बिलासपुर को हाई स्कूल परीक्षा में 19वां स्थान प्राप्त हुआ।
वहीं, हायर सेकेंडरी परीक्षा में जिले का औसत परिणाम 82.87% रहा। बालकों का परिणाम 78.08% और बालिकाओं का 86.56% रहा। राज्य स्तर पर बिलासपुर जिले को 17वां स्थान प्राप्त हुआ।
विशेष रूप से 10वीं कक्षा की प्रावीण्य सूची में जिले के दो छात्रों ने स्थान बनाकर गौरव बढ़ाया है। सेजेस उच्चतर माध्यमिक शाला, मंगला के छात्र उत्कर्ष केशरवानी ने 9वां स्थान, जबकि ड्रीमलैण्ड स्कूल की छात्रा कुमारी राधिका दिघ्रस्कर ने 10वां स्थान प्राप्त किया।
बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने दोनों छात्रों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “बिलासपुर के होनहार छात्र न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।”
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के सदस्य प्रफुल्ल शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल तिवारी, सहायक संचालक पी. दासरथी, एवं स्कूलों के प्राचार्य और अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: B4News

