बिलासपुर, छत्तीसगढ़:
श्री गोपाल कामधेनु गौ सेवा धाम समिति द्वारा बीते 23 वर्षों से घायल एवं पीड़ित गौमाताओं की सेवा की जा रही है। आज समिति के सदस्यों ने 5 प्रमुख माँगों को लेकर कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जहाँ एक ओर गौ तस्करी पर सख्त कार्यवाही की माँग की गई, वहीं दूसरी ओर घायल गौवंश के उपचार हेतु ज़रूरी संसाधन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई गई।
समिति की प्रमुख माँगें इस प्रकार हैं:
1. गौ सेवा हॉस्पिटल के लिए 5 एकड़ भूमि आवंटित की जाए – समिति बिना किसी सरकारी सहायता के 23 वर्षों से सेवा कार्य कर रही है। अब स्थायी चिकित्सालय निर्माण हेतु भूमि की आवश्यकता है।
2. गौ तस्करी के अड्डे बने मवेशी बाजार बंद किए जाएं – कुठी घाट, तखतपुर एवं रतनपुर मवेशी बाजारों में गौ तस्करी का अवैध कारोबार जोरों पर है। मस्तूरी क्षेत्र में 16 से अधिक तस्करों के पास से अवैध हथियार भी बरामद हो चुके हैं।
3. डॉ. राम ओतलवार को तत्काल निलंबित किया जाए – जिला पशु चिकित्सालय के डॉक्टर पर लगातार अभद्रता व लापरवाही के आरोप लगते रहे हैं। गौ सेवा आयोग द्वारा भी उन्हें हटाने का निर्देश जारी किया गया है, पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
4. प्रत्येक सुबह 2 घंटे के लिए सरकारी डॉक्टर की सेवा उपलब्ध कराई जाए – घायल गौवंश की बेहतर देखभाल हेतु चिकित्सकीय मार्गदर्शन की पुरानी माँग आज भी पूरी नहीं हो पाई है।
5. गौवंश परिवहन हेतु एम्बुलेंस दी जाए – घायल गोवंश को आटो व निजी गाड़ियों में लाना पड़ता है, जो न केवल असुविधाजनक है बल्कि उनके लिए तकलीफदेह भी होता है।
आंदोलन की चेतावनी:
ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि एक माह के भीतर इन माँगों का समाधान नहीं किया गया, तो सभी गौ सेवक मस्तूरी से बिलासपुर तक तीन दिवसीय दण्डवत पदयात्रा करेंगे और फिर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की शुरुआत की जाएगी।
ज्ञापन सौंपते समय उपस्थित रहे:
ओमेश बिसेन (रायपुर), मनजीत सिंह, बाबा शर्मा, विपुल शर्मा, शत्रुघ्न, कृष्ण गोपाल, रामानुजदास, शुभम शुक्ला, शिवांश पांडेय, विशु साहू, मनोज अग्रवाल, जितेन्द्र जांगड़े, बाबा सोमवार, विष्णु पुरोहित सहित अन्य गौ सेवक उपस्थित रहे।
समिति ने प्रशासन से माँग की है कि इन जनहित मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र समाधान निकाला जाए।
Posted inFeatured
23 वर्षों से घायल गौमाताओं की सेवा कर रही समिति ने 5 प्रमुख माँगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, समाधान न होने पर दण्डवत यात्रा की चेतावनी

