बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, 1 लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग — महिला गिरफ्तार

बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, 1 लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग — महिला गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र का मामला, षड्यंत्रपूर्वक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी

बिलासपुर | B4News |
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने बच्चे के जन्मदिन की पार्टी के बहाने युवक को घर बुलाकर षड्यंत्रपूर्वक आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग करने लगी। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को थाना पचपेड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 1 फरवरी 2026 की शाम को वह अपने एक महिला मित्र के साथ ग्राम धुर्वाकारी में रहने वाली रोशनी खुंटे के बेटे के जन्मदिन कार्यक्रम में गया था।

बताया गया कि जन्मदिन कार्यक्रम शाम को होना था, लेकिन प्रार्थी के वहां पहुंचने से पहले ही आरोपी रोशनी खुंटे ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को घर से बाहर भेज दिया था। इसके बाद उसने प्रार्थी और उसकी महिला मित्र को अपने बेडरूम में जाने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा। कमरे में पहले से साफ बेडशीट बिछाई गई थी और खिड़की पर पर्दा लगा दिया गया था।

छुपाकर बनाया वीडियो
प्रार्थी के अनुसार, दोनों के कमरे में जाने के बाद आरोपी महिला ने मोबाइल छिपाकर उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। घटना के बाद आरोपी ने प्रार्थी को मोबाइल पर मैसेज कर वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजा और दावा किया कि उसके पास पूरा वीडियो है।

1 लाख रुपये की मांग
आरोपी महिला ने प्रार्थी से एक लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। लगातार ब्लैकमेलिंग और दबाव के बाद प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई
शिकायत के आधार पर थाना पचपेड़ी पुलिस ने आरोपी रोशनी खुंटे (28 वर्ष), पति करन खुंटे, निवासी हेडसपुर थाना पामगढ़ जिला जांजगीर-चांपा, वर्तमान निवास ग्राम धुर्वाकारी थाना पचपेड़ी जिला बिलासपुर के खिलाफ धारा 308(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।

रोशनी खुंटे

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

पुलिस का कहना
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। यदि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

B4News अपील:
सोशल मीडिया और निजी पलों की रिकॉर्डिंग से जुड़े मामलों में सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग या साइबर अपराध होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

About The Author

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *