बिलासपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर पुलिस का बड़ा एक्शन

बिलासपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर पुलिस का बड़ा एक्शन

तारबाहर पुलिस ने दो सटोरियों को दबोचा, मोबाइल-कार समेत डिजिटल सबूत जप्त

बिलासपुर | B4News
बिलासपुर जिले में अवैध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े स्क्रीनशॉट और एक KIA कार जप्त की है। आरोपी व्हाट्सएप और ऑनलाइन बेटिंग लिंक के जरिए क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार मामला थाना तारबाहर क्षेत्र का है, जहां अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत धारा 112 बीएनएस एवं 7(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

एफसीआई चौक में घेराबंदी कर हुई गिरफ्तारी

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
निखिल शर्मा (45 वर्ष) निवासी पुराना पावर हाउस, थाना तोरवा, बिलासपुर तथा
अविनाश पंजवानी (30 वर्ष) निवासी देवरीखुर्द पावर हाउस, थाना तोरवा, बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी एफसीआई चौक माल गोदाम क्षेत्र में मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

व्हाट्सएप और ऑनलाइन लिंक से चलता था सट्टा नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नागपुर निवासी निखिल शर्मा और सतना निवासी सचदेवा नामक व्यक्तियों के संपर्क में रहकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलते और खिलाते थे। इसके लिए “Balajionline777” और “JMDBET” नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा था।

आरोपी इंटरनेट, व्हाट्सएप कॉल और ऑनलाइन लिंक के माध्यम से खिलाड़ियों से संपर्क करते थे तथा लेनदेन का पूरा हिसाब डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाता था।

मोबाइल जांच में मिले चैट और लेनदेन के रिकॉर्ड

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से संबंधित व्हाट्सएप चैट, हिसाब-किताब, लेनदेन और कई संदिग्ध नंबरों के रिकॉर्ड मिले। पुलिस ने इन सभी डिजिटल साक्ष्यों के स्क्रीनशॉट लेकर विधिवत जप्त किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से :

  • 03 नग मोबाइल फोन
  • ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा से जुड़े चैट एवं स्क्रीनशॉट
  • 01 KIA कार

जप्त की है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

बताया जा रहा है कि जिले में बढ़ते ऑनलाइन जुआ और क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह द्वारा सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

अन्य आरोपियों और नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में जुड़े अन्य व्यक्तियों, फर्जी आईडी, बैंक खातों और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं।

B4News लगातार इस मामले से जुड़ी हर बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।

About The Author

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *