रायपुर।
छत्तीसगढ़ में पिछले एक महीने से चल रही पटवारियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। पटवारी संघ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस बात की जानकारी दी है। बता दें कि पटवारी संघ ने बीते 16 दिसंबर से डिजिटल भत्ते की मांग को लेकर हड़ताल शुरू की थी।
इस दौरान पटवारियों ने डिजिटल काम पूरी तरह से ठप कर दिया था, जिससे राजस्व विभाग के ऑनलाइन कार्यों पर बुरा असर पड़ा। धान खरीदी के साथ-साथ नगरी निकाय एवं पंचायत चुनाव की आचार संहिता लागू होने के चलते यह हड़ताल प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी।
पटवारी संघ ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर पिछले एक महीने से आंदोलनरत थे। डिजिटल काम बंद होने की वजह से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, प्रदेश में चुनावी आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए संघ ने अपनी हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया है।
हड़ताल समाप्त होने के बाद अब प्रदेश में डिजिटल कामकाज सामान्य रूप से शुरू हो गया है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिली है।
ब्यूरो रिपोर्ट

