बिलासपुर, 26 अप्रैल 2025 — भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की बिलासपुर शाखा द्वारा “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)” पर तीन दिवसीय विशेष प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम का आयोजन 26 अप्रैल से 28 अप्रैल 2025 तक शाखा कार्यालय, बिलासपुर में किया जा रहा है।
इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को एआई की उभरती तकनीकों, उनके अनुप्रयोगों और पेशेवर जीवन में उनकी उपयोगिता के प्रति जागरूक करना है। सत्र का संचालन प्रसिद्ध प्रशिक्षक और विशेषज्ञ डॉ. सौरभ माहेश्वरी द्वारा किया गया। उन्होंने एआई के मूल सिद्धांतों से लेकर वित्तीय ऑडिट, डाटा एनालिटिक्स और ऑटोमेशन में इसके व्यावहारिक उपयोग पर गहन चर्चा की।
शाखा अध्यक्ष सीए मनीष सखूजा ने कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर कहा, “आज के तेज़ी से बदलते तकनीकी युग में सीए समुदाय को भी नई तकनीकों के साथ कदमताल करना आवश्यक है। इस प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के माध्यम से हम सदस्यों को एआई के व्यावहारिक और वास्तविक जीवन उपयोग से परिचित कराना चाहते हैं।”

इस विशेष पाठ्यक्रम में कुल 53 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो भविष्य में अपने पेशेवर कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रभावी उपयोग कर सकेंगे।

