कोरबा: इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की बिलासपुर शाखा द्वारा सीए छात्रों के लिए कोरबा में एक आधुनिक रीडिंग रूम की शुरुआत की गई। इस रीडिंग रूम का उद्घाटन ICAI सेंट्रल काउंसिल मेंबर सीए अभय छाजेड़ और रीजनल काउंसिल मेंबर सीए दिनेश अग्रवाल के कर-कमलों द्वारा किया गया।
इस मौके पर सीए अभय छाजेड़ ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि रीडिंग रूम जैसी सुविधाएं छात्रों को अनुशासित और शांत वातावरण में पढ़ाई के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि ICAI छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
बिलासपुर शाखा के चेयरमैन सीए मनीष सखूजा ने बताया कि यह रीडिंग रूम अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिसमें छात्रों के लिए शांतिपूर्ण अध्ययन वातावरण, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, हाई-स्पीड इंटरनेट और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यक्रम में कोरबा और बिलासपुर के कई वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और छात्र उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए ICAI को धन्यवाद दिया। यह रीडिंग रूम कोरबा जैसे नगर में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।


