बिलासपुर, 24 जनवरी 2025: कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने आज पीएचई, जल संसाधन और विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने काम लटकाने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने और धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने नल जल योजना के तहत सभी सर्टिफाइड घरों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कलेक्टर ने कहा कि जिन गांवों में 90% से अधिक कार्य पूरे हो चुके हैं, वहां जल्द से जल्द 100% काम पूरा किया जाए। ऐसे गांवों की संख्या 140 बताई गई है। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि गांवों में ट्रांसफार्मर की समस्याओं का तुरंत समाधान करें और झूल रहे बिजली तारों को दुरुस्त करने का काम प्राथमिकता से करें।
बैठक में पीएचई और जल संसाधन विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि सभी निर्माण कार्य समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए। कार्यों में देरी से लागत और गुणवत्ता पर असर पड़ता है, जिससे आम जनता को असुविधा होती है। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में नियमित निरीक्षण करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को अप्रैल-मई महीने में मेंटेनेंस का काम पूरा करने और बिजली संबंधित शिकायतें न्यूनतम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
बैठक में कार्यपालन अभियंता पीएचई, जल संसाधन और विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

