बिलासपुर, 24 जनवरी 2025: कलेक्टर श्री अवनीश शरण के निर्देश पर संयुक्त सत्यापन टीम ने आज एक और बड़ी कार्रवाई की। टीम ने विभिन्न धान खरीदी केंद्रों और टोकन प्राप्त करने वाले किसानों के धान का सत्यापन करते हुए 93 लाख रुपए मूल्य के 2997 क्विंटल धान का रकबा समर्पण कराया। कलेक्टर ने आने वाले पांच दिनों में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया ने जानकारी दी कि तहसील पचपेडी के जोंधरा धान उपार्जन केंद्र में 06 किसानों से 356 क्विंटल धान का रकबा समर्पण कराया गया। चिल्हाटी सेवा सहकारी समिति में 4 किसानों से 143 क्विंटल धान का रकबा समर्पण किया गया।
तहसील कोटा के विभिन्न केंद्रों पर निरीक्षण के दौरान धूमा केंद्र में 1.720 हेक्टेयर, करगीकला में 38 क्विंटल, और करगीखुर्द में 5.101 हेक्टेयर रकबे का समर्पण कराया गया। कर्रा केंद्र में 21 क्विंटल और कोटा मंडी में 6 हेक्टेयर रकबे का समर्पण कराया गया।
सीपत तहसील के देवरी केंद्र में 547 क्विंटल धान में केवल 78 क्विंटल का सत्यापन हुआ, शेष रकबे का समर्पण कराया गया। मस्तूरी के गोडाडीह केंद्र में भौतिक सत्यापन में धान न मिलने पर रकबे का समर्पण किया गया।
अन्य केंद्रों पर भी व्यापक कार्रवाई हुई। मल्हार में 375 क्विंटल, टिकारी में 742 क्विंटल, और वेदपरसदा में 432 क्विंटल धान के रकबे का समर्पण कराया गया। बेलगहना स्थित केंदा केंद्र में 325 बोरी धान में से 100 बोरी को अमानक श्रेणी का पाए जाने पर जप्त किया गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और अनियमितताओं पर सख्ती से कार्रवाई करना है। सत्यापन टीम की ऐसी कार्रवाइयों से किसानों और अधिकारियों में जिम्मेदारी और पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।

