रायपुर, 30 जून 2026। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट के 38 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का विधिसम्मत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में Jaiswal Neco Industries Limited के पावर प्लांट-1 स्थित ब्लास्ट फर्नेस में संपन्न हुई।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस) के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता (आईपीएस) की अध्यक्षता में की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण वर्मा भी मौजूद रहे।
38 मामलों के मादक पदार्थ किए गए नष्ट
पुलिस के अनुसार सेंट्रल जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के कुल 38 मामलों में जब्त मादक पदार्थों का वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्टीकरण किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में शामिल हैं—


- 14 मामलों का 113.589 किलोग्राम गांजा
- 9 मामलों की 11,516 नशीली कैप्सूल एवं टैबलेट
- 1 मामले का 2.006 किलोग्राम अफीम
- 13 मामलों की 22,425 नशीली कफ सिरप की बोतलें
- 1 मामले का 2.430 किलोग्राम डोडा
पर्यावरणीय नियमों का किया गया पालन
पुलिस ने बताया कि नष्टीकरण से पहले पर्यावरणीय स्वीकृति, एनओसी और अन्य सभी आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी की गईं। पूरी प्रक्रिया सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए संपन्न हुई। साथ ही संपूर्ण कार्रवाई की वीडियोग्राफी और आवश्यक दस्तावेजीकरण भी कराया गया।
नशे के खिलाफ बहुआयामी रणनीति
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ अपनाई गई बहुआयामी रणनीति का हिस्सा है। पुलिस लगातार मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और परिवहन में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही आदतन तस्करों पर पीआईटी-एनडीपीएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई और वित्तीय जांच के जरिए उनके आर्थिक नेटवर्क को भी निशाना बनाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से नष्टीकरण किया जा रहा है, ताकि इनका दोबारा अवैध उपयोग न हो सके।
पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले 16 मई 2026 को सेंट्रल जोन ने एनडीपीएस एक्ट के 97 मामलों में जब्त लगभग 5.65 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का भी विधिसम्मत नष्टीकरण किया था।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि “नशामुक्त रायपुर” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का फोकस केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके आर्थिक नेटवर्क को खत्म करने और जब्त मादक पदार्थों के समयबद्ध नष्टीकरण के जरिए नशे की पूरी श्रृंखला पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है.

