रायपुर, 24 जनवरी 2025: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पर्यटन मानचित्र पर छत्तीसगढ़ एक उभरता हुआ राज्य है, जिसका प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक धरोहरें देश के अन्य राज्यों से इसे अलग बनाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ऐतिहासिक, पुरातात्विक, धार्मिक और प्राकृतिक धरोहरों के साथ-साथ अपनी प्राचीन लोक संस्कृति के लिए भी प्रसिद्ध है। इसे पर्यटन का एक अद्वितीय केंद्र बनाने के लिए राज्य सरकार ने पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने का निर्णय लिया है। इससे राज्य में पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के बड़े अवसर सृजित होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को समृद्ध बनाने और इसे वैश्विक पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित करें और अपनी धरोहरों पर गर्व करें।

