कलेक्टर ने की धान खरीदी की समीक्षा, लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर ने की धान खरीदी की समीक्षा, लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

बिलासपुर, 18 जनवरी 2025
धान खरीदी को सुचारु रूप से संचालित करने और गड़बड़ियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अवनीश शरण ने आज जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान धान खरीदी की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में धान खरीदी में लापरवाही बरतने और गड़बड़ी के आरोपों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने बिरकोना धान खरीदी केंद्र के प्रभारी समिति प्रबंधक श्री देवारी लाल यादव, ऑपरेटर प्रियांशु जायसवाल और वर्तमान खरीदी प्रभारी विनोद कुमार यादव को तत्काल हटाने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही, संबंधित प्राधिकृत अधिकारी को भी हटाने को कहा गया।

धान खरीदी पर विशेष ध्यान
कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन की प्राथमिकता में धान खरीदी सर्वोपरि है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों की चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। धान खरीदी केंद्रों पर तैनात पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को धान खरीदी की पूरी अवधि के दौरान उपस्थित रहने के लिए कहा गया।

धान खरीदी की प्रगति
बैठक में जानकारी दी गई कि अब तक जिले में 6.27 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। 1,18,143 किसानों ने अपने नजदीकी केंद्रों में धान बेचा है। कुल खरीदी का 71 प्रतिशत उठाव पूरा हो चुका है।

गड़बड़ी करने वालों पर सख्ती
कलेक्टर ने गड़बड़ी करने वाले मिलर्स, कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। अब तक 77 प्रकरणों में 2,976 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है। कलेक्टर ने इस कार्रवाई को और तेज करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि वास्तविक किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

किसानों की सहमति से रकबा समर्पण
धान खरीदी में बिचौलियों के अनुचित लाभ को रोकने के लिए कलेक्टर ने किसानों से सहमति लेकर रकबा समर्पण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डीआरसीएस को निर्देश दिया कि गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित समिति प्रबंधक पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

बैठक में प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में सहायक कलेक्टर श्री तन्मय खन्ना, एडीएम श्री आर.ए. कुरूवंशी, संयुक्त कलेक्टर श्री मनीष साहू, खाद्य नियंत्रक श्री अनुराग भदौरिया, उपायुक्त सहकारिता श्रीमती मंजू पाण्डेय, डीएमओ शंभू गुप्ता सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने अधिकारियों को दी चेतावनी
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। वास्तविक किसानों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


About The Author

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *