रायपुर, 8 जुलाई 2026 | B4News
रायपुर पुलिस ने FOREX ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 74 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप पटेल के संयुक्त निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार मीणा (26 वर्ष) निवासी कालाडेरा, जयपुर और संदीप कुमार (24 वर्ष) निवासी शाहपुरा, सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
Google पर FOREX सर्च करना पड़ा भारी
पुलिस के मुताबिक न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने थाना न्यू राजेंद्र नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 17 अप्रैल 2026 को उन्होंने अपने मोबाइल से Google पर FOREX ट्रेडिंग की जानकारी खोजी। इसी दौरान एक वेबसाइट के माध्यम से उनका मोबाइल नंबर FIRSTIFY नामक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया गया।
ग्रुप के एडमिन और अन्य सदस्यों ने कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाकर उन्हें निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोपियों ने मोबाइल नंबर 9112785936 और 9657985627 से लगातार संपर्क कर FOREX ट्रेडिंग में निवेश कराया।
झांसे में आकर शिकायतकर्ता और उनके भतीजे ने अलग-अलग किश्तों में कुल 74 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब निवेश पर कोई लाभ नहीं मिला और रकम भी वापस नहीं की गई, तब उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
मामला दर्ज कर शुरू हुई जांच
शिकायत मिलने के बाद थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 159/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेंद्र नगर की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच शुरू की।
डिजिटल जांच से राजस्थान तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, टेलीग्राम ग्रुप, व्हाट्सएप अकाउंट और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का विस्तृत तकनीकी विश्लेषण किया।
पुलिस ने Chain Analysis के जरिए बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर, टेलीग्राम आईडी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जोड़कर आरोपियों की पहचान की। तकनीकी जांच में आरोपियों की लोकेशन राजस्थान में मिलने के बाद रायपुर पुलिस की टीम वहां रवाना हुई।
लगातार कैंप और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में किया ठगी का खुलासा

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
अब पुलिस मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर रही है, जिससे पूरे साइबर नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और देशभर में हुई संभावित ठगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा सके।
फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, टेलीग्राम आईडी, सोशल मीडिया प्रोफाइल और डिजिटल लेनदेन का विश्लेषण कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी

- मुकेश कुमार मीणा, पिता मूलचंद मीणा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम डोला का बांस, थाना कालाडेरा, जिला जयपुर (राजस्थान)
- संदीप कुमार, पिता रामलाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी शाहपुरा, थाना जाजोत, जिला सीकर (राजस्थान)
B4News की अपील
ऑनलाइन निवेश करने से पहले किसी भी वेबसाइट, टेलीग्राम ग्रुप या ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता अवश्य जांचें। केवल अधिक मुनाफे के लालच में अज्ञात लोगों के कहने पर पैसे निवेश न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।


